हर्षोदय टाइम्स / विमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के हरपुर महंथ गांव में शुक्रवार को उस समय कोहराम मच गया, जब दुबई में सड़क हादसे में मारे गए प्रवासी युवक मुकेश चौधरी का शव घर पहुंचा। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक मुकेश चौधरी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दयानंद चौधरी का बड़ा पुत्र था। वह पिछले तीन वर्षों से दुबई में नौकरी कर रहा था। दो भाइयों और एक बहन में वह सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई भी विदेश में कार्यरत है। करीब एक वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक वह घर पर रुका और फिर नौकरी पर दुबई चला गया था।
बताया गया कि बीते 19 सितंबर को मुकेश को घर लौटना था, लेकिन किसी कार्य के चलते उसने वापसी कुछ दिन के लिए टाल दी। इसी बीच दुबई में हुए सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। करीब एक सप्ताह पूर्व परिजनों को उसकी मृत्यु की सूचना मिली थी। शुक्रवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर विदेश से शव पहुंचा, जहां से परिजन उसे लेकर गांव आए।
शव घर पहुंचते ही पूरा गांव शोक में डूब गया। हर कोई नम आंखों से अंतिम दर्शन करने पहुंचा। देर शाम गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सच्चिदानंद चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी और स्थानीय निवासी अभय कन्नौजिया ने कहा कि मुकेश स्वभाव से मिलनसार और मेहनती युवक था। उसकी असमय मृत्यु से पूरा गांव शोकाकुल है।


 
	 
						 
						