देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ विज़न एकेडमी, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

स्वतंत्रता दिवस समारोह में नृत्य, गीत, नाटक और पिरामिड फॉर्मेशन ने बांधा समां

महराजगंज। विज़न एकेडमी, महराजगंज में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं विद्यालय गान के साथ हुआ। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों के त्याग और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।


कार्यक्रम में कक्षा आठ की छात्राओं मुस्कान, आराध्या, बंसी, अंशिका, काजल, दीपा, ऐश्वर्या एवं परिधि ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कक्षा एक की छात्राओं श्रीनिका, सिया, शियान्या, श्रीजा, अन्वी, पीहू, आफरीन, प्रिया, सान्वी, अनुभूति एवं आशि ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।


कक्षा आठ की छात्रा आराध्या ने संस्कृत तथा कक्षा सात के छात्र प्रतीक ने अंग्रेजी में भाषण देकर स्वतंत्रता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। इसके बाद मानशी चौधरी एंड ग्रुप ने  को भावुक कर दिया। सत्यप्रकाश सर का एकल गायन ‘ऐ वतन तेरे लिए’, अनिका शर्मा का एकल नृत्य तथा आराध्या विश्वकर्मा का ‘वंदे मातरम्’ पर नृत्य कार्यक्रम के विशेष आकर्षण रहे। सत्यम ने हिंदी में ओजस्वी भाषण दिया, जबकि अर्श पटवा, आयुष, अंश, निखिल एवं समूह ने देशभक्ति नाटक का मंचन कर वीर शहीदों को नमन किया

समारोह के अंत में प्रतीक, आयुष, अनीश, पार्थ शुक्ला एवं उनके समूह ने आकर्षक पिरामिड फॉर्मेशन प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों के अनुशासन, ऊर्जा और शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।


विद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. अभिषेक पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अतीत की उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्तमान पीढ़ी के लिए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और निभाने का सतत संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “उठो विज़न के वीर सपूतो, भारत तुम्हें पुकार रहा; हिमगिरि से सागर की लहरों तक, तिरंगा आज दुलार रहा।”


प्रबंध निदेशक श्री प्रणव गोपाल श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं।


समारोह में प्रबंधक प्रणव गोपाल श्रीवास्तव, सचिव विभव गोपाल श्रीवास्तव, निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. अभिषेक पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा।


समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास, कर्तव्यबोध एवं देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *