बस पकड़ने के दौरान पीछे हुई बस की चपेट में आए, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज रोडवेज बस डिपो पर गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे में ग्राम न्यायालय निचलौल के हेड क्लर्क बाबू एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मानवेन्द्र मिश्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर और अधिवक्ताओं में शोक छा गया।
बताया जा रहा है कि मानवेन्द्र मिश्रा बस पकड़ने के लिए डिपो पहुंचे थे। इसी दौरान एक बस अचानक पीछे होने लगी। अचानक हुए इस हादसे में वह बस के पहिए की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद डिपो परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी और परिचित जिला अस्पताल पहुंच गए। सभी ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए शोक व्यक्त किया।

