ध्वजारोहण से शुरू हुआ समारोह, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मोहा मन

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
पनियरा, महराजगंज। नगर पंचायत पनियरा स्थित रामकुमार इंटर कॉलेज में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह की शुरुआत विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, भाषणों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य बिकेंद्र सिंह ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज की पीढ़ी का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात कर देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करे।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
समारोह के समापन पर विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान वितरित किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देशहित में कार्य करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प दिलाया।

