भारतीय सेवा में चयन से पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज का नाम रोशन, 11 छात्र हुए चयनित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज में अध्ययनरत व पूर्व छात्र कुल 11 विद्यार्थियों ने भारतीय अर्द्धसैनिक बलों में चयनित होकर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के पूर्व छात्र अवनीश कुमार सिंह, सनी कनौजिया, दीपक सिंह, करन भारती और राहुल मद्धेशिया का चयन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में हुआ है। वहीं विवेक मिश्रा, कुमारी पिंगला प्रजापति, विपिन यादव और संदीप साहनी का चयन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में तथा अभिनंदन गुप्त का चयन असम राइफल्स में हुआ है।


इन सभी चयनित छात्रों के सम्मान में बुधवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दीनबंधु शुक्ल ने चयनित छात्रों को सम्मानित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। छात्रों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।


समारोह में विद्यालय के संरक्षक धीरेंद्र कृष्ण त्रिपाठी ने चयनित छात्रों को मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रबंधक जयंती त्रिपाठी ने सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय परिवार की सामूहिक उपलब्धि है, जिससे वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों का मनोबल और अधिक बढ़ेगा। इस अवसर पर विद्यालय के अनेक शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने चयनित छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *