एसपी कार्यालय पहुंची सरवर जहां, गांव के युवक पर जताया शक; बोली- “दो दिन पहले दी थी जान से मारने की धमकी”
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवां गांव में संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शराब भट्टी के पास बुलाकर ले जाए गए हकामू उर्फ इमामुद्दीन का शव सोमवार सुबह गांव के बाहर पुलिया के नीचे पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पत्नी सरवर जहां ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले में निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक हकामू उर्फ इमामुद्दीन रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर से निकले थे। उन्होंने पत्नी से कहा था कि शराब भट्टी पर किसी ने बुलाया है और वह वहीं मिलने जा रहे हैं। देर रात तक घर वापस न लौटने पर पत्नी सरवर जहां बच्चों के साथ उन्हें तलाशने निकली, लेकिन रात में उनका कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह करीब छह बजे राहगीरों ने गांव के पास पुलिया के नीचे एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो शव हकामू का निकला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और सुबह करीब आठ बजे पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल की परिस्थितियों ने पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना दिया। मृतक का एक चप्पल शराब भट्टी के पास मिला, जबकि दूसरा पुलिया के नजदीक पड़ा था। परिजनों का आरोप है कि हकामू के शरीर पर गहरी चोटों के निशान थे, जिससे साफ प्रतीत होता है कि उन पर किसी भारी वस्तु या लोहे की रॉड से हमला किया गया।
मृतक की पत्नी सरवर जहां ने अपने प्रार्थना पत्र में गांव के ही एक व्यक्ति पर शक जताया है। उनका कहना है कि दो दिन पहले मोटरसाइकिल को लेकर हकामू की उक्त व्यक्ति से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने धमकी भी दी थी। परिवार का आरोप है कि उसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।
स्थानीय पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट सरवर जहां मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की भी अपील की है।
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


