अवैध पिस्टल व कारतूस के साथ वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


घुघली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आम के बागीचे से दबोचा गया आरोपी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 07 मई 2026। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत घुघली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।


पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन में थाना घुघली पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।


थाना घुघली पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 93/2026 धारा 109(1)/352 बीएनएस एवं 3/25/27(2) शस्त्र अधिनियम से संबंधित वांछित अभियुक्त बलराम सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह निवासी ग्राम खुडुरी थाना कोठीभार को गुरुवार को ग्राम मठिया नहर किनारे स्थित आम के बागीचे से गिरफ्तार किया गया।


तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक अवैध पिस्टल .32 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .32 बोर बरामद हुआ। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 25 वर्ष है तथा वह 10वीं तक शिक्षित है। उसके विरुद्ध थाना घुघली में शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।


इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल आशुतोष राय तथा कांस्टेबल कृष्ण प्रताप सिंह की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *