हर्षोदय टाइम्स/ सुनील मणि त्रिपाठी
धानी/महराजगंज। जनपद के अंतिम छोर पर बसे धानी क्षेत्र में घरेलू गैस की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। कई महीनों से गैस संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बावजूद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुकिंग को लेकर भी भारी परेशानी बनी हुई है। कई लोगों के मोबाइल पर बुकिंग के बाद ओटीपी नहीं पहुंच रहा है, जबकि जिन उपभोक्ताओं के पास ओटीपी मौजूद है, उन्हें भी समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
स्थानीय गैस उपभोक्ता विश्व विजय तिवारी, सपानेता रमेश सैनी, कृपा शंकर, अशोक, योगेंद्र चौधरी, राधेश्याम, फूलचंद, राजेश, बृजेश तथा दीनानाथ मणि त्रिपाठी सहित अन्य लोगों ने बताया कि धानी स्थित राधे एचपी गैस कार्यालय से वर्षों से गैस वितरण किया जाता रहा है। लेकिन बीते एक महीने से गैस वितरण धानी कार्यालय से न होकर लगभग छह किलोमीटर दूर जनपद गोरखपुर के अहिरौली स्थित गोदाम से किया जा रहा है।
नागरिकों का कहना है कि गैस वितरण केंद्र दूर होने से धानी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि पूर्व की भांति धानी स्थित कार्यालय से ही गैस वितरण शुरू कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और लंबी दूरी तय करने की परेशानी से बचा जा सके।

