90 हजार रुपये की नशीली सिरप और कैप्सूल बरामद, नेपाल सप्लाई की थी तैयारी
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से व्यावसायिक मात्रा में नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली 123 बोतल कोडीन युक्त सिरप और 960 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। बरामद माल की कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी फरेन्दा सुश्री दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रानीपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश पाण्डेय निवासी भारत भारी, डुमरियागंज जनपद सिद्धार्थनगर तथा योगेश तिवारी निवासी कैथवलिया, खोराबार जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल संख्या UP55X4270 से गोरखपुर से सोनौली की ओर जा रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 123 पीस CODISUN सिरप तथा 960 नशीले कैप्सूल बरामद किए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले कई महीनों से इन दवाओं की नेपाल में ऊंचे दामों पर सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार बरामद दवाओं का उपयोग सामान्य चिकित्सीय उपचार में होता है, लेकिन इनका अवैध रूप से नशे के लिए दुरुपयोग किया जा रहा था। युवाओं में इन दवाओं को “कॉकटेल ड्रग” के रूप में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुरन्दरपुर में मु0अ0सं0 113/2026 के तहत धारा 8/22/23/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।
बरामदगी में शामिल सामान:
123 बोतल कोडीन युक्त सिरप
960 नशीले कैप्सूल
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
दो मोबाइल फोन
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
उपनिरीक्षक अनुराग प्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक देवेश प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल अजीत यादव एवं कांस्टेबल सतीश चौहान।

