श्यामदेउरवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की नशीली दवाइयों के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज जनपद की श्यामदेउरवां पुलिस ने नशीली दवाइयों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई गुरुवार देर रात मुखबिर की सूचना पर ग्राम श्यामदेउरवां स्टेडियम के पास की गई।


पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना प्रभारी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रामसमुश केवट निवासी बेलीपार, नवीन कुमार गौतम निवासी गोरखनाथ तथा संदीप कुमार निवासी तिवारीपुर, जनपद गोरखपुर शामिल हैं।


पुलिस के अनुसार अभियुक्त किराये की गाड़ियों का इस्तेमाल कर गोरखपुर से नशीली दवाइयां लाकर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। पूछताछ में सामने आया कि तीनों पिछले करीब तीन माह से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे तथा पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह संगठित तरीके से युवाओं तक नशीली दवाइयां पहुंचाने में लगा था।


बरामदगी में 26 पैकेट ट्रैमालैब कैप्सूल, 73 पैकेट एलजोमैक टैबलेट तथा अल्ट्रापार नियो टैबलेट के 25 बॉक्स शामिल हैं। कुल मिलाकर 53 हजार से अधिक नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी दवाइयों को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


इस कार्रवाई को श्यामदेउरवां पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिजीत कुमार, उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *