गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, परिजनों को मिलेगी चार-चार लाख की सहायता

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज, 6 मई। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम जंगल दुधई उर्फ चेहरी में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे ईंट निर्माण के लिए खोदे गए करीब 9 फीट गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूब गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, डब्लू सहानी के पुत्र आयुष (4 वर्ष) एवं राज (5 वर्ष) खेलते समय गड्ढे के पास पहुंच गए और हादसे का शिकार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


बताया गया है कि  डब्लू सहानी मूल रूप से बागापार क्षेत्र के निवासी हैं और मजदूरी के सिलसिले में परिवार सहित अस्थायी रूप से ग्राम जंगल दुधई उर्फ चेहरी में किराये के मकान में रह रहे थे।


घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। जिला प्रशासन ने मृतक बच्चों के परिजनों को आपदा मोचक निधि के तहत चार-चार लाख रुपये की अहैतुक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


वहीं, मामले की विस्तृत जांच के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विजय यादव को जांच अधिकारी नामित किया गया है, जिन्हें एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में इस प्रकार के खतरनाक गड्ढों को सुरक्षित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *