आते ही जिलाधिकारी का दिखा मानवीय चेहरा, नजारत चपरासी को किया सम्मानित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज, 06 मई 2026। नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल का संवेदनशील और मानवीय व्यक्तित्व कार्यभार ग्रहण करते ही देखने को मिला। कलेक्ट्रेट में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लंबे समय से सेवाएं दे रहे नजारत चपरासी श्री समीम को स्वयं बुलाकर पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जहां एक ओर वरिष्ठ अधिकारी जिलाधिकारी का स्वागत कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी ने सभागार में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को अपने पास बुलाकर सम्मानित कर सभी को चौंका दिया। इस अप्रत्याशित पहल से उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी भावुक हो उठे।

जिलाधिकारी ने समीम से बातचीत के दौरान कहा कि वे उन्हें अपने पूर्व कार्यकाल से मेहनत करते हुए देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मियों के योगदान से ही प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हर कर्मचारी प्रशासन की रीढ़ है और सभी का सम्मान समान रूप से महत्वपूर्ण है।

सम्मान से अभिभूत समीम ने भावुक होकर कहा कि उन्हें आज तक ऐसा सम्मान और आत्मीयता कहीं नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि यह पल उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर वे आयोजनों को दूर से देखते रहे हैं, लेकिन पहली बार जिले के मुखिया ने उन्हें अपने पास बुलाकर सम्मानित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *