हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 5 मई 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मा० श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद जनपद में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में “पूरी हुई आस” कार्यक्रम के तहत शिक्षामित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने की। समारोह में प्रदेश के करीब 1.43 लाख शिक्षामित्रों के मानदेय को 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने के उपलक्ष्य में जनपद के 1775 शिक्षामित्रों में से 10 शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक रूप से 18 हजार रुपये का डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम का लाइव संबोधन भी कराया गया।
इस अवसर पर पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह एवं सदर विधायक पनियरा जयमंगल कन्नौजिया ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि शिक्षामित्रों ने प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान को देखते हुए सरकार ने मानदेय में वृद्धि कर उन्हें सम्मान देने का कार्य किया है।
विधायकों ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय शिक्षा की नींव हैं, जहां से निकलकर विद्यार्थी उच्च पदों जैसे वैज्ञानिक, आईएएस, आईपीएस और आईएफएस तक पहुंचते हैं। उन्होंने शिक्षामित्रों और शिक्षकों से बच्चों के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों से नियमित संवाद बनाए रखने और बच्चों की शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




