हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 05 मई 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को भावभीनी विदाई दी गई। आयोजित विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल, कार्यशैली और व्यक्तित्व की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उन्हें भावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिलाधिकारी की ऊर्जा और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला जिला है और जिलाधिकारी से उन्हें हर विषय पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कठिन परिस्थितियों में भी उनका शांत स्वभाव सभी के लिए अनुकरणीय रहा।

मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को सकारात्मक सोच वाला अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका व्यवहार अत्यंत सहज और सहयोगात्मक रहा। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने तकनीकी नवाचारों के माध्यम से शासकीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया, जिससे जनसुनवाई से लेकर फार्मर रजिस्ट्री तक कार्यों में पारदर्शिता और गति आई।

अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि एक आदर्श प्रशासनिक अधिकारी में संवेदनशीलता, ऊर्जा और मानवीयता का होना आवश्यक है, जो जिलाधिकारी में पूर्ण रूप से विद्यमान है।
अन्य अधिकारियों ने भी जिलाधिकारी के सहयोग, मार्गदर्शन और कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर सभी जिलास्तरीय अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित रहे।

