मां की सहमति से ही होगी अनुकंपा नियुक्ति, डीएम ने पुत्र को लगाई फटकार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज, 27 मई। तहसील निचलौल के नजारत अनुभाग में कार्यरत नियमित चपरासी स्वर्गीय नन्दलाल के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति प्रकरण में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संवेदनशीलता और सख्ती के साथ सुनवाई करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा एवं सहमति के अनुसार ही नियुक्ति की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


ग्राम पनेवा पनेई निवासी प्रार्थिनी सोना देवी पत्नी स्वर्गीय नन्दलाल ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति का निधन 2 जनवरी 2026 को हो गया था। परिवार में पांच पुत्र हैं, जिनमें बड़े पुत्र अमित कुमार एवं दूसरे पुत्र अविनाश कुमार का विवाह हो चुका है। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि बड़ा पुत्र एवं उसकी पत्नी उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट करते हैं तथा अलग रहते हैं।


सोना देवी ने अपने तीसरे पुत्र अभिषेक कुमार गौतम को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दिए जाने की सहमति जताई। वहीं अन्य पुत्र अविनाश कुमार, अमिताभ कुमार एवं आदित्य कुमार ने भी इस पर सहमति प्रदान की। प्रार्थिनी ने बताया कि उनके भरण-पोषण एवं देखभाल की जिम्मेदारी अभिषेक कुमार गौतम द्वारा निभाई जा रही है।


सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आरोपित पुत्र को कड़ी चेतावनी देते हुए परिवार के प्रति जिम्मेदार एवं मर्यादित व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मां-बाप की सेवा करना सभी संतानों का कर्तव्य है और इसके बदले किसी प्रकार की अपेक्षा करना अमानवीय एवं निंदनीय है। उन्होंने कहा कि माता-पिता तमाम कठिनाइयों के बीच बच्चों का पालन-पोषण करते हैं, ऐसे में बड़े होने पर उनका अपमानजनक व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।


जिलाधिकारी ने अतिरिक्त उपजिलाधिकारी प्रेम प्रकाश पाण्डेय को निर्देशित किया कि मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा के अनुरूप नियुक्ति संबंधी समस्त आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाए तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *