महराजगंज, 1 मई 2026। जिले के कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की सूचना से हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस जांच में मामला पूरी तरह फर्जी निकला। घटना बिशप एकेडमी स्कूल के सामने मऊपाकड़ की है, जहां अमरुतिया निवासी विवेक मद्धेशिया ने डायल 112 पर ₹1 लाख की लूट की सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में मामला गंभीर लगने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि, गहन जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मामला उलट गया।
पुलिस के मुताबिक, 28 अप्रैल को सिसवा बाजार में एक शादी समारोह के दौरान वादी के भाई नीरज मद्धेशिया और पूर्व प्रधान कमलेश श्रीवास्तव के पुत्र आर्यन श्रीवास्तव के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में 1 मई की दोपहर करीब 3:14 बजे जब विवेक मद्धेशिया मार्केटिंग का काम कर लौट रहे थे, तब कमलेश श्रीवास्तव और इसराइल पुत्र उस्मान खां ने उनके साथ मारपीट की।
मारपीट की इस घटना को विवेक ने बढ़ा-चढ़ाकर लूट का रूप देते हुए पुलिस को झूठी सूचना दे दी। जांच में यह दावा पूरी तरह निराधार पाया गया।
इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने इसराइल (20 वर्ष) निवासी बांसपार बैजौली टोला बेलहिया को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि आपातकालीन सेवा डायल 112 का दुरुपयोग न करें। झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

