महराजगंज में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: मुठभेड़ में वांछित बदमाश सलीम गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और अपाची बाइक बरामद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

एसपी ने कहा- अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा”

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

“सेमरा- बसवार मार्ग के बड़ी नहर पुलिया पर पुलिस ने आधी रात की घेराबंदी , फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी , तमंचा, कारतूस और अपाची बाइक पुलिस के कब्जे में ,सीएचसी परतावल में कराया जा रहा है इलाज”

महराजगंज जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की मुहिम तेज हो गई है। रविवार की देर रात श्यामदेउरवा थाना, भिटौली थाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित आरोपी सलीम पुत्र रहमतुल्लाह को मुठभेड़ के दौरान घायल कर दबोच लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 7 सितम्बर की रात करीब ढाई बजे सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त पुरैना परतावल से छपिया की ओर जा रहा है। इस पर पुलिस ने बसवार नहर पुलिया पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सलीम घायल हो गया और मौके पर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की। घायल अपराधी को उपचार के लिए सीएचसी परतावल में भर्ती कराया गया है।

एसपी सोमेंद्र मीना ने कहा कि अपराधियों पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि “कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *