हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज, 30 अप्रैल। स्थानीय क्षेत्र के प्रतिष्ठित सावित्री पब्लिक स्कूल में गुरुवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), दिल्ली के तत्वावधान में एक दिवसीय ‘कैपेसिटी बिल्डिंग ट्रेनिंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय ‘वैल्यू एजुकेशन’ (मूल्य शिक्षा) रहा, जिसमें विद्यालय के करीब 60 शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक बी.के. पांडेय, सहायक निदेशक जया पांडेय, प्रधानाचार्या प्रीति पांडेय, शैलेंद्री पांडेय तथा सीबीएसई द्वारा नियुक्त रिसोर्स पर्सन्स डॉ. सलिल श्रीवास्तव एवं रत्नेश मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों में नैतिक, चारित्रिक एवं सामाजिक मूल्यों का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनाना भी होना चाहिए। इस दौरान शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु विभिन्न आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण विधियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर सह-निदेशिका ने उपस्थित अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण से शिक्षकों की दक्षता में वृद्धि होगी, जिसका प्रत्यक्ष लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा।

