निचलौल/महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में डीजल न मिलने से नाराज एक किसान ने अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए सड़क पर लेटकर जाम लगा दिया। यह घटना चिउटहा–निचलौल मार्ग पर खोन्हौली गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने की बताई जा रही है, जहां कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधेड़ किसान सड़क के बीचों-बीच लेट गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अचानक हुई इस घटना से पेट्रोल पंप कर्मियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वायरल वीडियो में किसान खुद को मोहन गुप्ता, निवासी रामपुरवा थाना कोठीभार बताते हुए नजर आ रहा है। वह फोन पर किसी से बातचीत करते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त करता है कि सिंचाई के अभाव में उसकी गन्ने की फसल सूख रही है। किसान का आरोप है कि पंप पर अन्य लोगों को बड़े कंटेनरों में डीजल दिया जा रहा था, जबकि वह मात्र पांच लीटर डीजल के लिए बार-बार निवेदन करता रहा, लेकिन उसे निराश लौटा दिया गया।
किसान ने सड़क पर लेटे-लेटे प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की और मामले की जांच कराने के लिए एसडीएम को मौके पर भेजने की अपील भी करता रहा।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ पहले भी शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

