हर्षोदय टाइम्स/ अनुज राज
सिसवा मुंशी /महराजगंज। परतावल ब्लॉक के सिसवा मुंशी चौराहे की सड़क की हालत पहली ही बारिश में बदहाल हो गई है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी भर जा रहा है, जिससे पूरा चौराहा तालाब में तब्दील हो गया है।
जलजमाव के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से साइकिल व दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा हो गया है, वहीं पैदल चलने वालों के लिए स्थिति और भी कठिन हो गई है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर भरे पानी से ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है। तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के कारण पानी के छींटे दुकानों तक पहुंच जाते हैं, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।
दुकानदार मनोज प्रजापति, अरशद खान, अख्तर खान, प्रमोद गुप्ता और डॉ. गिरिजा शंकर सिंह ने बताया कि हल्की बारिश में ही यह स्थिति बन जाती है, जो स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए गंभीर समस्या है।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और इस समस्या से निजात पाया जा सके।

