हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
घुघली/महराजगंज, 30 अप्रैल 2026 । घुघली क्षेत्र के पकड़ी बिशुनपुर चौराहा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर अचानक बड़े पैमाने पर वाहन चालकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। पेट्रोल और डीजल लेने के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते चौराहे पर जाम जैसे हालात पैदा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही पंप पर वाहनों का दबाव बढ़ने लगा था, जो दोपहर तक चरम पर पहुंच गया। बाइक, कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे लोगों को ईंधन भराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। तेज धूप और गर्मी के बीच लोग परेशान नजर आए।
पंप प्रबंधन ने बताया कि अचानक मांग बढ़ने और आपूर्ति में हल्की देरी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। वहीं, कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैलने से भीड़ और बढ़ गई।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में जुट गई। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। फिलहाल पंप पर आपूर्ति सामान्य होने की बात कही जा रही है।

