रेलवे क्रॉसिंग के पास दर्दनाक हादसा , बाइक से गिरी महिला को चारपहिया ने मारी टक्कर, मौत

Blog


हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय


महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। पुरानी घुघली से अपने घर लौट रही महिला मंगलपुर पटखौली रेलवे क्रॉसिंग के पास बाइक से गिर पड़ी, तभी पीछे से आ रहे एक चारपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुनीता प्रजापति (28) पत्नी चन्देश्वर प्रजापति, निवासी ग्राम मठिया, पोस्ट बसन्तपुर, थाना घुघली, अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही वे मंगलपुर पटखौली रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचीं, अचानक संतुलन बिगड़ने से पुनीता बाइक से नीचे गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।


घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस, जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया गया।


थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *