लेखपाल की मौजूदगी में खेत की पैमाइश के दौरान विवाद, महिला ने मारपीट का लगाया आरोप

Blog


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार अंतर्गत ग्राम विशुनपुरा में खेत की पैमाइश के दौरान विवाद बढ़ने का मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर कुछ लोगों पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, 11 जुलाई 2026 की शाम करीब चार बजे गांव में लेखपाल की मौजूदगी में खेत की पैमाइश का कार्य चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई। महिला का आरोप है कि उसके साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आई हैं।

महिला का कहना है कि जब परिवार के अन्य लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद पीड़िता ने कोठीभार थाने पहुंचकर आरोपितों के विरुद्ध तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *