हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। जनपद के 16 ताइक्वांडो खिलाड़ियों को मंगलवार 10 मार्च को जिलाधिकारी द्वारा ब्लैक बेल्ट उपाधि प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह प्रमाण पत्र वर्ल्ड ताइक्वांडो मुख्यालय कुक्कीवन, साउथ कोरिया द्वारा जारी किया गया है।
जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि इस वर्ष 16 खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर ब्लैक बेल्ट की उपाधि प्राप्त की है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार से सम्मानित सांची अग्रवाल के साथ नैवेद्य, दीपांश सोनी, आयुष केशरी, ममता कुमारी, अरशद अली, प्रिया, अंकित, अमन चौधरी, ज्योतिर्मय रुद्रमा गुप्ता, जोया अफरोज, अश्वनी सिंह और वीरेन्द्र भारती को ब्लैक बेल्ट फर्स्ट डान प्रदान किया गया। वहीं आकाश चौधरी, रियाज अली और सौजन्य स्नेह प्रियदर्शी को ब्लैक बेल्ट सेकेंड डान की उपाधि मिली।
जिला सचिव अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि ये सभी खिलाड़ी राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन कर चुके हैं। वर्तमान में खिलाड़ी आगामी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर प्रशिक्षक राहुल राय, उत्सव शर्मा और दयानंद त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।

