महराजगंज। विकास खंड परतावल अंतर्गत ग्राम हरपुर तिवारी स्थित एम.आई. पब्लिक स्कूल में शनिवार (11 अप्रैल 2026) को वार्षिकोत्सव एवं मेधा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का आकर्षक प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक (सहजनवा व पनियरा) माननीय देव नारायण उर्फ जी.एम. सिंह रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का मूल आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम और लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एक शिक्षित समाज ही प्रगति के मार्ग पर अग्रसर होता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक श्री जैनुल्लाह खान द्वारा स्कूल टॉपर छात्रा अनुष्का गुप्ता को साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी शिक्षकों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के साथ क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से दीपक सिंह, हाजी आलमगीर, रामा चौधरी, सतेंद्र सिंह, अखिलेश विश्वकर्मा, औरंगजेब खान सहित कई लोग मौजूद रहे।
समारोह का समापन उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

