थाना समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 66 में से 8 मामलों का त्वरित निस्तारण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


डीएम व एसपी ने थानों पर पहुंचकर सुनी शिकायतें, जमीन विवादों के लिए संयुक्त टीमों को दिए सख्त निर्देश


महराजगंज। जनपद के सभी थानों में शनिवार को आयोजित ‘थाना समाधान दिवस’ में प्रशासनिक सक्रियता साफ दिखाई दी। आमजन की समस्याओं के निस्तारण के लिए आयोजित इस अभियान में जिले भर से कुल 66 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 मामलों का मौके पर ही समाधान कर संबंधित लोगों को राहत दी गई।


जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं थाना चौक और निचलौल पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके समक्ष कुल 7 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए, जिनमें से 2 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।


जनपद के सभी सर्किल अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में समाधान दिवस का आयोजन कर लोगों की समस्याएं सुनीं। प्राप्त शिकायतों में अधिकतर मामले राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े पाए गए, जिनके समाधान के लिए संयुक्त टीमों का गठन किया गया।


पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि संबंधी विवादों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग मिलकर करें, ताकि पीड़ितों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि थाना स्तर, आईजीआरएस और अन्य माध्यमों से मिलने वाली सभी शिकायतों को समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज किया जाए और दोनों पक्षों की मौजूदगी में पारदर्शी सुनवाई कर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए।


प्रशासन की इस पहल से आमजन में भरोसा बढ़ा है और लोगों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का समाधान अब समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *