हर्षोदय टाइम्स/ आत्मा सिंह
महराजगंज। घुघली पुलिस ने बीते देर रात प्रतिबंधित वन्यजीवों के मांस की अवैध तस्करी में लिप्त तीन युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई घुघली बुजुर्ग घाट के पास उस समय हुई, जब पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि नदी पार कुशीनगर क्षेत्र में नीलगाय का वध कर उसका मांस बोरी में भरकर महराजगंज की ओर लाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक अशोक कुमार गिरी की अगुवाई में पुलिस टीम ने घाट पर निगरानी बढ़ाई। कुछ ही देर बाद वहां दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया गया। उनके पास से नीलगाय के मांस से भरी दो बोरियां, तीन चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
पूछताछ में पकड़ाए युवकों की पहचान बिरैचा टोला नौका निवासी सद्दाम, बिरैचा टोला सेमरहना के अब्दुल हसन तथा इसराफी के रूप में हुई। घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों को जेल भेज दिया गया है।

