हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
ठूठीबारी/महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बोदना में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना में जहरीले कोबरा के डंसने से 10 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बोदना गांव निवासी जयप्रकाश गौड़ की 10 वर्षीय पुत्री सपना घर के भीतर मौजूद थी। इसी दौरान घर में छिपे जहरीले कोबरा ने उसे डंस लिया। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ठूठीबारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हल्का लेखपाल प्रवीण पासवान ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई।
उधर, सांप के घर में होने की सूचना से गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची साहनी रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद जहरीले कोबरा को सुरक्षित पकड़कर आबादी से दूर छोड़ दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
मासूम सपना की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। वहीं पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

