सड़क निर्माण पर सवाल उठाना पड़ा महंगा, समाजसेवी को मिली जान से मारने की धमकी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


गुणवत्ता पर उठाई आवाज, मेठ ने लगाए उल्टे रंगदारी मांगने के आरोप; पुलिस ने जांच शुरू की

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज जनपद में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाना एक समाजसेवी को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर जागरूकता फैलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।


मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार खास का है। पीड़ित ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके द्वारा दायर जनहित याचिका के आदेश पर बागापार से महराजगंज वाया रामपुर बुजुर्ग तक सड़क और पुल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वह एक जागरूक नागरिक के रूप में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखते हुए सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए मुद्दे उठाते रहे हैं।


आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर निर्माण कार्य से जुड़े मेठ अजय सिंह ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक और भ्रामक टिप्पणियां कीं। मेठ ने उल्टे समाजसेवी पर ही पैसे की मांग का आरोप लगाया और दावा किया कि उसके पास इसके प्रमाण हैं।


पीड़ित के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 की शाम रामपुर बुजुर्ग चौराहे के पास जब उन्होंने आरोपी से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा, तो आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। समाजसेवी ने आशंका जताई है कि उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है।


घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विकास कार्यों में पारदर्शिता की मांग करने वालों को ही धमकियां मिलेंगी, तो निगरानी व्यवस्था कमजोर पड़ सकती है।


उधर, बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया कि दोनों पक्षों को रविवार को बुलाया गया है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *