हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौकी अंतर्गत परतावल-कप्तानगंज मार्ग स्थित छातीराम पुल के पास एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर वाहन बरामद करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार पिपरिया गांव निवासी धनंजय गौतम सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे छातीराम पुल के निकट स्थित देशी शराब की दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (नंबर UP56 AM 4043) दुकान के बाहर खड़ी कर दी और खरीदारी के लिए अंदर चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक मौके से गायब थी।
बाइक न मिलने पर धनंजय गौतम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन वाहन का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने परतावल चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले में परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय ने बताया कि बाइक चोरी की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल कर रही है तथा घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

