डीएम संतोष कुमार शर्मा ने गोसदन मधवलिया का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


गोबर गैस प्लांट की मरम्मत के निर्देश, जर्जर भवन गिराने व गोसदन को मॉडल बनाने पर जोर

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 11 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ गोसदन मधवलिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पशु शेड, वर्मी कंपोस्ट इकाई, गोबर गैस प्लांट एवं हरे चारे की व्यवस्था का निरीक्षण किया। गोबर गैस प्लांट की मरम्मत अब तक न होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए एई जल निगम को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में जर्जर भवन को ध्वस्त कराने एवं अप्रयुक्त शेड की मरम्मत कर उनमें गोवंश रखने के निर्देश भी दिए।


जिलाधिकारी ने गोसदन की क्षमता के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज़ अहमद ने बताया कि गोसदन में कुल 739 गोवंश हैं, जिनमें 559 नंदी और 180 गाय शामिल हैं। पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध है, जिसमें भूसा, चोकर, पशु आहार एवं साइलेज शामिल हैं। गोसदन की भूमि पर बाजरा, नेपियर घास एवं जई की खेती भी की जा रही है, जिससे हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एक बीमार गोवंश की चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोसदन परिसर में फलदार वृक्षों के रोपण पर जोर देते हुए इसे अतिरिक्त आय का स्रोत बनाने की बात कही।


वर्मी कंपोस्ट उत्पादन के संबंध में बीडीओ निचलौल सुश्री शमा सिंह ने बताया कि समूह की महिलाओं द्वारा खाद का उत्पादन एवं बिक्री की जा रही है, साथ ही गोबर से गोकाष्ठ भी तैयार किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने वर्मी कंपोस्ट एवं गोकाष्ठ की बिक्री के लिए मार्केट लिंक उपलब्ध कराने तथा नगर निकायों एवं अंत्येष्टि स्थलों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि गोसदन को आत्मनिर्भर एवं मॉडल के रूप में विकसित करने की पूरी संभावना है, जिसके लिए व्यापक कार्ययोजना बनाकर उसे क्रियान्वित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोवंश को गुड़, केला और चना भी खिलाया।


इस अवसर पर डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक आर.डी. चौधरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज़ अहमद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *