भिटौली बाजार में नकली ब्रांडेड इलेक्ट्रॉनिक्स का पर्दाफाश, पुलिस की छापेमारी में भारी माल जब्त

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

नामचीन कंपनियों के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के भिटौली बाजार में नकली ब्रांडेड इलेक्ट्रॉनिक सामान के अवैध कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की सूचना पर की गई छापेमारी में हजारों रुपये मूल्य का नकली सामान बरामद कर जब्त किया गया।

जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ के सेक्टर-34 निवासी मनीष गुप्ता, जो एक निजी कंपनी में फील्ड मैनेजर हैं, को सूचना मिली थी कि बाजार में उषा, हैवेल्स और प्रेस्टिज जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं। इस पर उन्होंने भिटौली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर उपनिरीक्षक दिनेश कुशवाहा व कांस्टेबल चंदन कुमार बिंद की टीम ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पचरुखिया टोला निवासी महेंद्र साहनी के घर से भारी मात्रा में संदिग्ध सामान बरामद हुआ। जांच में यह सामान नकली पाया गया।

बरामद सामग्री में विभिन्न ब्रांडों के नाम पर तैयार किए गए आयरन प्रेस और विद्युत तार के बंडल शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी इन सामानों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने सभी बरामद माल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्र ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *