पुरैना में तेज रफ्तार डंपर का कहर: खरीदारी कर लौट रहे युवक को कुचला, मौके पर मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार, आक्रोशित ग्रामीणों की जुटी भीड़; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


घुघली/महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी मुख्य चौराहे पर मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक डंपर ने 35 वर्षीय युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरखपूरा टोला मथौली निवासी रामबचन साहनी अपनी पत्नी सुनीता के साथ पुरैना चौराहे पर कपड़ा खरीदने आए थे। खरीदारी के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान मद्धेशिया किराना स्टोर के सामने तेज रफ्तार डंपर ने रामबचन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही एसएसआई राकेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।


इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *