हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल। महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवां थाना पर आयोजित थाना समाधान दिवस में मुहम्मदपुर निवासी संतोष कुमार व ध्यानचंद ने अधिकारियों के समक्ष फरियाद लगाई की गांव की सार्वजनिक पोखरी पर कुछ दबंग कब्जा कर रहे हैं। उनका कहना था कि यह पोखरी वर्षों से गांव की संपत्ति रही है, जिसका उपयोग जल संरक्षण और पशुओं को नहलाने के लिए किया जाता रहा है। इसके अलावा उक्त पोखरी पर छठ पूजा का आयोजन भी किया जाता है।
इस पोखरी के अगल बगल देवी देवताओं के मंदिर स्थित है। पोखरी के घाट पर ही मृत लोगों का कर्मकांड आदि भी किया जाता है। उक्त पोखरी पूरे गांव की आस्था का केंद्र है। उन्होंने बताया कि दबंगों की ओर से न सिर्फ पोखरी पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। बल्कि विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकाया भी जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है की पोखरी की भूमि को कब्जे से मुक्त कर उसे पुनः सार्वजनिक उपयोग के लिए संरक्षित किया जाए, ताकि पारंपरिक जलस्रोतों का संरक्षण हो सके और गांव के पर्यावरण को बचाया जा सके।
इसके बाद शनिवार को ही श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के महम्मदा रोड पर स्थित रास्ते की जमीन का राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सीमांकन किया। बीते वृहस्पतिवार को उक्त जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने निर्माण कार्य रोकवा दिया था।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत श्यामदेउरवां में स्थित रास्ते की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने की नियत से अवैध निर्माण कार्य शुरू किया गया था। सूचना पाकर पुलिस के साथ पहुंचे हल्का लेखपाल सुशील शुक्ल ने निर्माण कार्य को रोक दिया। अवैध रूप से कब्जा कर रहे लोगों को चेताया, कि निर्माण कार्य बंद नहीं किए तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। शनिवार को थाना समाधान दिवस के अवसर पर हल्का लेखपाल सुशील शुक्ल, लेखपाल रुद्रप्रताप, वीरेंद्र, उप निरीक्षक सुनील सिंह व अजय सिंह मौके पर पहुंचे। पैमाइश कर रास्ते की जमीन का चिंहित किया गया।