मां की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की तलाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
परतावल, महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल के एक वार्ड में रविवार शाम मेला घूमने निकली 14 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों के मुताबिक किशोरी के घर से करीब पांच लाख रुपये कीमत के जेवर भी गायब हैं। किशोरी की मां ने थाने में तहरीर देकर बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार किशोरी रविवार शाम करीब सात बजे परतावल बाजार में आयोजित प्रदर्शनी मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उस समय उसके माता-पिता किसी जरूरी काम से रिश्तेदार के घर गए हुए थे। देर रात वापस लौटने पर जब किशोरी घर पर नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिवार के लोगों ने पहले मेला परिसर और आसपास के इलाकों में खोजबीन की। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी ली गई, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
इसी बीच पड़ोस की एक महिला ने परिजनों को बताया कि उसने किशोरी को एक युवक की बाइक पर बैठकर जाते हुए देखा था। किशोरी की मां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि घर में रखे करीब पांच लाख रुपये कीमत के जेवर भी किशोरी के साथ गायब हैं।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। श्यामदेउरवां थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि किशोरी के लापता होने के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। किशोरी की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

