हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
सोनौली/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली व्यापार एवं पारगमन मार्ग पर सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2.3 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहे एक व्यक्ति के बैग की एक्स-रे स्कैनिंग के दौरान संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने बैग की गहन तलाशी ली, जिसमें लगभग 2.3 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति ने अपनी पहचान मोहम्मद इथरिस अंसार पुत्र अज्ञात, निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु के रूप में बताई। प्रारंभिक जांच में उसके नेपाल और थाईलैंड की यात्राओं से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद मादक पदार्थ किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।
सुरक्षा बलों ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही संभावित तस्करी नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश भी जारी है।
यह कार्रवाई 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के बी समवाय, सोनौली तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अभियान में सहायक कमांडेंट प्रिया यादव, उपनिरीक्षक रामलाल, आरक्षी गौरव तिवारी, सुंदर लक्ष्मी एम, तथा पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, आरक्षी धीरज साह एवं अश्विनी यादव शामिल रहे।
सीमा पर बढ़ाई गई सतर्कता
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए निगरानी और जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। हालिया बरामदगी को इसी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

