मामा के घर से अस्पताल जा रहा था युवक, इलाज के दौरान तोड़ा दम
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
गोरखपुर/महराजगंज । महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर देउरवा निवासी 18 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोविंद चौहान का पुत्र गौरव चौहान बीते बृहस्पतिवार को पिपराइच क्षेत्र के जंगल औराही स्थित अपने मामा बांकेलाल चौहान के घर गया हुआ था। बताया जा रहा है कि उसकी मामी गोरखपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती थीं, जिन्हें देखने के लिए वह शुक्रवार की रात पैदल ही एयरफोर्स मार्ग से अस्पताल की ओर जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। काफी देर तक वह वहीं पड़ा रहा, बाद में राहगीरों की नजर पड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।

