बोलेरो पर ‘बिना हेलमेट’ का ई-चालान, वाहन स्वामी ने उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


मोटरसाइकिल की जगह चारपहिया वाहन पर कार्रवाई का आरोप, जांच कर चालान निरस्त करने की मांग

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। जिले में ई-चालान प्रणाली की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सोहगीबरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोहगीबरवा निवासी राम प्रवेश दूबे ने आरोप लगाया है कि उनकी बोलेरो गाड़ी का ‘बिना हेलमेट’ दोपहिया वाहन चलाने के आरोप में ई-चालान जारी कर दिया गया, जबकि संबंधित वाहन चारपहिया है और घटना के समय उनके घर पर खड़ा था।


राम प्रवेश दूबे के अनुसार उनकी बोलेरो का पंजीकरण संख्या UP 56 T 0265 है, जबकि ई-चालान में दर्ज तस्वीर एक मोटरसाइकिल की है, जिसका नंबर UP 56 U 0265 दिखाई दे रहा है। दोनों नंबरों में केवल अंग्रेजी अक्षर ‘T’ और ‘U’ का अंतर होने के कारण वाहन संख्या दर्ज करने में मानवीय त्रुटि की आशंका जताई जा रही है।


ई-चालान के अनुसार 27 जुलाई 2026 को शाम 5:29 बजे रुद्रपुर शिवनाथ क्षेत्र में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के आरोप में ₹1000 का चालान किया गया। हालांकि जिस वाहन स्वामी के नाम यह चालान जारी हुआ, उनका कहना है कि उनकी बोलेरो उस समय गांव स्थित उनके घर पर खड़ी थी और घटना से उसका कोई संबंध नहीं है।


राम प्रवेश दूबे ने कहा कि यदि ई-चालान जारी करने से पहले वाहन की फोटो, नंबर और वाहन के प्रकार का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाता तो इस तरह की गलती नहीं होती। उनका कहना है कि ऐसी त्रुटियां आम लोगों को अनावश्यक मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानी का सामना करने के लिए मजबूर करती हैं।


उन्होंने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर गलत ई-चालान तत्काल निरस्त करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ई-चालान प्रक्रिया को और अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।


स्थानीय लोगों का भी कहना है कि ई-चालान जारी करने से पहले वाहन संख्या, वाहन की श्रेणी और फोटो का मिलान अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए, ताकि किसी निर्दोष वाहन स्वामी को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

फिलहाल मामला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के संज्ञान में है तथा जांच के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *