रामनवमी मेले में खूनी झड़प: दोस्त ने ही युवक पर चाकू से किया हमला, हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

पनियरा/महराजगंज। चैत्र रामनवमी के अवसर पर पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा लक्ष्मीपुर स्थित माँ बाकी स्थान पर लगे वार्षिक मेले में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आपसी विवाद में एक युवक पर उसके ही दोस्त ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, सोनबरसा गांव निवासी अजय यादव अपने साथियों के साथ मेला घूमने आया था। इसी दौरान सभी लोग मिलकर खाना-पीना कर रहे थे। तभी किसी पुरानी रंजिश को लेकर अजय और उसके दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।


आरोप है कि विवाद के दौरान साथियों में शामिल राकेश गुप्ता ने पास में रखे चाकू से अजय पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में अजय गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया।


घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे मेला परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका इलाज जारी है।


इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *