हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली/महराजगंज। शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए उपनगर भिटौली के पूर्व प्रधान आशीष गौतम ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को क्षेत्रवासियों ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से अपने प्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी।
सोमवार शाम दो प्रमुख जनप्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख परतावल आनंद शंकर वर्मा और ब्लॉक प्रमुख संघ अध्यक्ष एवं पनियरा ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला पूर्व प्रधान के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।
आनंद शंकर वर्मा ने कहा “क्षेत्र ने एक सच्चे नेतृत्वकर्ता को खो दिया”
शोक व्यक्त करते हुए ब्लॉक प्रमुख परतावल आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि आशीष गौतम बेहद लोकप्रिय प्रतिनिधि थे। उन्होंने क्षेत्र पंचायत के साथ-साथ दो बार ग्राम पंचायत का सफल नेतृत्व किया। उनकी नेतृत्व क्षमता के कारण ही वे लंबे समय से प्रधान संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनकी मृत्यु समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
वेद प्रकाश शुक्ला ने जताया गहरा दुःख “उनका योगदान भुलाया नहीं जा सकता”
ब्लॉक प्रमुख संघ अध्यक्ष एवं पनियरा ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आशीष गौतम का सामाजिक जीवन समर्पण और सेवा की भावना से भरा रहा। क्षेत्र के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
इस दौरान भाजपा नेता ठाकुर रौनियार, शिक्षक नेता संजय मणि त्रिपाठी, प्रधान संघ अध्यक्ष एजाज खान, बैजनाथ गुप्ता, स्वामीनाथ गुप्ता, पुनीत कुमार पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

