“युवा शक्ति को जगाने का संदेश: एनएसएस के तहत कॉलेज में गूंजे स्वामी विवेकानंद के विचार”
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/ महराजगंज। नगर पंचायत परतावल स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कन्या पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जयंती श्रद्धा और विचार-विमर्श के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मबल, राष्ट्रभाव और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति चेतना जागृत करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामदरश मिश्र ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के विचार-निर्माता थे। उन्होंने भारतीय संस्कृति की महानता को विश्व पटल पर स्थापित किया। शिकागो धर्मसभा में दिया गया उनका ऐतिहासिक संबोधन आज भी भारत की सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो आत्मविश्वास और कर्तव्यबोध की राह दिखाता है।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी एवं हिन्दी के सहायक आचार्य गोविन्द लाल ने स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन मानवता, सेवा और राष्ट्रहित को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों की दिशा तय करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किरण गुप्ता ने किया। आयोजन में प्रमोद कुमार, मनोज कुमार पाण्डेय, सुरेश कुमार, ओंकार चौहान, स्नेह प्रमा पटेल, बालगोविन्द तथा मुख्तार अली अंसारी सहित शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।


