सामूहिक विवाह योजना पर उठे सवाल, सामान ले जाते अधिकारी का वीडियो वायरल

महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

परतावल/महराजगंज: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक अधिकारी दूल्हा-दुल्हन को दिए जाने वाले सामान को लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, महराजगंज लाइव इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

जानकारी के अनुसार, 13 मार्च को परतावल स्थित पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 492 जोड़ों ने भाग लिया था। कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी से जुड़ा आवश्यक सामान वितरित किया जाना था।

इसी बीच सामने आए एक वीडियो में परतावल ब्लॉक के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी एक झोले में सामान लेकर जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक ठेकेदार उनका पीछा करते हुए कार्यक्रम में अनियमितता का आरोप लगाता सुनाई दे रहा है और काम न करने की बात भी कह रहा है।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है।

वायरल वीडियो के बाद कार्यक्रम की पारदर्शिता को लेकर चर्चा तेज हो गई है, हालांकि आधिकारिक स्तर पर अभी तक किसी प्रकार की पुष्टि या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *