30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मास को लेकर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां पूरी; नेपाल सीमा पर विशेष निगरानी
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहे पवित्र श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध पूरे कर लिए हैं। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों, कांवड़ मार्गों, मेला क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
श्रावण मास के दौरान थाना ठूठीबारी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी इटहिया शिव मंदिर तथा थाना कोतवाली क्षेत्र के कटहरा शिव मंदिर सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नेपाल सीमा से सटे होने के कारण इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर में उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल से भी श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। विशेष रूप से प्रत्येक सोमवार और श्रावण शिवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ रहेगी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंदिर परिसरों, कांवड़ मार्गों, पार्किंग स्थलों, बाजारों, जलाभिषेक मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चौबीसों घंटे पुलिस गश्त की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से रियल टाइम निगरानी होगी। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों एवं सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की सघन जांच के साथ अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी और भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने रेलवे, स्वास्थ्य, नगर निकाय, विद्युत तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की है। मंदिर परिसरों में एंटी-सैबोटाज चेकिंग, होटल-ढाबों एवं दुकानों पर रेट लिस्ट का प्रदर्शन तथा ओवरचार्जिंग रोकने के लिए संयुक्त अभियान भी चलाया जाएगा। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल, एम्बुलेंस, क्रेन और अन्य आपात संसाधनों की भी व्यवस्था की गई है। नेपाल सीमा और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 11 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 35 उपनिरीक्षक, 14 महिला उपनिरीक्षक, 44 मुख्य आरक्षी, 141 आरक्षी, 45 महिला आरक्षी, 15 यातायात पुलिसकर्मी, एक प्लाटून पीएसी, दो एफटी एवं एक एपीगार्द की तैनाती की गई है।
महराजगंज पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिसकर्मी को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू रहेंगी।

