हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह ने गुरुवार को अचानक हड़कंप मचा दिया। परतावल, शिकारपुर, निचलौल, हरपुर और पनियरा सहित कई क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। स्थिति यह रही कि वाहनों की लंबी कतारें सड़कों तक फैल गईं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
अफवाह फैलते ही लोग बड़ी मात्रा में ईंधन भरवाने के लिए पंपों की ओर उमड़ पड़े, जिससे कई जगहों पर पेट्रोल और डीजल जल्दी खत्म हो गया। कुछ पंपों को अस्थायी रूप से बंद भी करना पड़ा। शिकारपुर क्षेत्र में सप्लाई बाधित होने की वजह से हालात और गंभीर हो गए, जहां लोग एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आए।
निचलौल और पनियरा में भीड़ इतनी अधिक बढ़ गई कि सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए। इस दौरान कई स्थानों पर धक्का-मुक्की और कहासुनी की घटनाएं भी सामने आईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ पंपों पर एक वाहन को सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया गया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
इधर, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाई गई अफवाह के कारण यह स्थिति बनी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें।
फिलहाल, प्रशासन द्वारा पंपों पर भीड़ नियंत्रित करने और आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन लोगों की जल्दबाजी और चिंता के कारण हालात अभी भी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।


