हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
मिठौरा/महराजगंज। मिठौरा विकास खंड के ग्राम पंचायत बरोहिया में मां काली मंदिर के समीप आयोजित 9 दिवसीय श्री श्री 108 श्री शतचंडी महायज्ञ के सातवें दिन बुधवार को रामलीला मंचन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मां खैरा देवी आदर्श रामलीला मंडल तकरारी के कलाकारों ने ‘राम-केवट संवाद’ का अत्यंत मार्मिक और जीवंत प्रस्तुतीकरण किया।
मंचन के दौरान गंगा तट पर भगवान राम, लक्ष्मण और सीता के पहुंचने तथा केवट से नाव द्वारा गंगा पार कराने का प्रसंग दिखाया गया। केवट द्वारा प्रभु श्रीराम के चरण धोने की जिद और उसके पीछे छिपी निश्छल भक्ति ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। संवाद के माध्यम से केवट का प्रेम, समर्पण और प्रभु के प्रति अटूट आस्था का भाव सजीव हो उठा।
प्रस्तुति के दौरान जब भगवान राम केवट की भक्ति से प्रसन्न होकर अपने चरण धुलवाते हैं, तो पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा। भक्तिरस से सराबोर इस मंचन को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और कलाकारों की सराहना करते नजर आए।
महायज्ञ के सफल आयोजन में यज्ञ समिति के संरक्षक व ग्राम प्रधान गिरिजेश गुप्ता, राघवेंद्र पांडेय, अध्यक्ष सोनू गुप्ता, कोषाध्यक्ष गजेंद्र चौधरी, महंत किशुन गिरी सहित अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा सराहनीय योगदान दिया जा रहा है। आयोजन की व्यवस्थाओं की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।


