मिठौरा ब्लॉक के परसा सिहुली ग्राम पंचायत का मामला, ग्रामीणों ने डीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के मिठौरा विकासखंड अंतर्गत परसा सिहुली ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितता का गंभीर मामला सामने आया है। यहां अन्त्येष्टि स्थल की बाउंड्री वाल निर्माण में फर्जी बिल लगाकर लाखों रुपये निकालने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार 17 जनवरी 2026 को पंचम राज्य वित्त आयोग मद से वाउचर संख्या 5 THSFC 2025-2026 P17 के तहत 3,28,462 रुपये का भुगतान “बाबा बिल्डिंग मटेरियल” नामक फर्म को किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त फर्म के नाम से कोई ईंट भट्ठा या निर्माण सामग्री का वास्तविक कारोबार संचालित नहीं है, बावजूद इसके कागजों में ईंट की आपूर्ति दर्शाकर भुगतान निकाल लिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में या तो घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया या फिर वास्तविक खरीद का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं है। इसके विपरीत कागजी प्रक्रिया पूरी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में फर्जी बिलों के जरिए धन निकासी का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि सुनियोजित तरीके से इस प्रकार की अनियमितताएं की जा रही हैं, जिससे विकास कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
इस संबंध में सुनील, मीना, राहुल, मनोहर, संगीता, सविता व मंजू देवी सहित कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो इस तरह के भ्रष्टाचार पर रोक लगाना मुश्किल हो जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की वित्तीय अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

