पिपरा सोनाड़ी में स्ट्रीट लाइट घोटाले की चर्चा तेज, फर्जी बिलों से ग्राम निधि पर डाका

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


ब्रांडेड लाइट के नाम पर दोगुना भुगतान, ग्रामीणों ने प्रधान-सचिव की मिलीभगत का लगाया आरोप


लोकायुक्त व जिलाधिकारी से जांच कर कार्रवाई की मांग


महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स) । मिठौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत पिपरा सोनाड़ी में विकास कार्यों के नाम पर कथित भ्रष्टाचार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। खासकर स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता के आरोप सामने आने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।


ग्रामीणों का आरोप है कि स्ट्रीट लाइट लगाने के नाम पर फर्जी बिलों के जरिए सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। बताया जा रहा है कि जिन फर्मों से आमतौर पर गिट्टी, बालू व मौरंग जैसी निर्माण सामग्री खरीदी जाती है, उन्हीं से इलेक्ट्रिक सामान की खरीद दर्शाकर बिल तैयार किए गए। इन बिलों में वास्तविक कीमत से अधिक दर दिखाकर भुगतान निकाले जाने का आरोप है।


जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत में कुल 10 स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में ब्रांडेड स्ट्रीट लाइट मजदूरी सहित करीब 2000 से 2200 रुपये में लग जाती है, जबकि यहां प्रति लाइट 3650 रुपये की दर से भुगतान दर्शाया गया है। इस तरह कुल 36,500 रुपये राज्य वित्त आयोग की निधि से खर्च दिखाया गया, जिसे ग्रामीण संदिग्ध बता रहे हैं।


ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यह मामला केवल स्ट्रीट लाइट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसी फर्म के माध्यम से अन्य कार्यों में भी फर्जी बिल लगाकर सरकारी धन के गबन की आशंका है। पूरे प्रकरण में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की मिलीभगत होने की बात सामने आ रही है।


मामले को लेकर पवन कुमार, सुशील, छेदी, कमलावती, संगीता, सविता, मंजू देवी समेत कई ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे मामले की शिकायत लोकायुक्त लखनऊ एवं जिलाधिकारी महराजगंज से करेंगे और प्रकरण को उच्च स्तर तक उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *