हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में दो पुरुष अभियुक्तों एवं एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई कार्रवाई में थाना पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के नटवा जंगल टोला भरटोलिया निवासी कमलेश गुप्ता, मुकेश गुप्ता तथा पूजा पर आरोप है कि उन्होंने 4 मार्च 2026 को वादिनी के पुत्र कमलेश यादव को घर बुलाकर जान से मारने की नीयत से मारपीट कर घायल अवस्था में फेंक दिया था। पीड़िता की तहरीर पर थाना श्यामदेउरवा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मंगला प्रसाद एवं पुलिस टीम ने रविवार को तीनों आरोपियों को ग्राम नटवा जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में कमलेश गुप्ता (46 वर्ष), मुकेश गुप्ता (26 वर्ष) निवासी नटवा जंगल टोला भरटोलिया तथा पूजा (26 वर्ष) निवासी महेसरा थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 65/26 के तहत धारा 115(2), 351(3), 352, 109(1) एवं 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मंगला प्रसाद, उपनिरीक्षक चन्द्रपाल यादव, कांस्टेबल अविनाश सिंह, कांस्टेबल रोहित यादव एवं महिला कांस्टेबल प्रतिमा सिंह शामिल रहीं।

