पिपरा सोनाड़ी में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की उठाई मांग
महराजगंज जिले के मिठौरा विकास खंड के ग्राम पंचायत पिपरा सोनाड़ी में पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत बनाए गए सीटीयू (सेल्फी प्वाइंट) का निर्माण कार्य गंभीर अनियमितताओं की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। महज छह माह पहले तैयार हुआ यह सेल्फी प्वाइंट अब जर्जर हालत में पहुंच गया है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, लगभग छह माह पूर्व इस परियोजना का निर्माण कराया गया था, लेकिन शुरुआत से ही मानकों की अनदेखी की गई। घटिया सामग्री और लापरवाही के चलते आज इसकी स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। ढांचा कई जगहों से उखड़ चुका है और उपयोग के लायक नहीं बचा है।
बताया जा रहा है कि इस निर्माण कार्य पर पंचम राज्य वित्त आयोग से 2 लाख 32 हजार 188 रुपये की धनराशि खर्च की गई, जिसका भुगतान 12 दिसंबर 2025 को हरिओम इंटरप्राइजेज नामक फर्म को किया गया था। इसके बावजूद धरातल पर गुणवत्ता कहीं नजर नहीं आ रही।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान केवल धन निकासी पर ध्यान दिया गया, जबकि गुणवत्ता और निगरानी को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पवन कुमार, सुशील, छेदी, कमलावती, संगिता, सविता, मंजु देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, क्षतिग्रस्त सेल्फी प्वाइंट के पुनर्निर्माण की भी मांग उठाई है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को लेकर कितनी तत्परता दिखाता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती


