पुलिया निर्माण पर उठे सवाल: मानकों की अनदेखी का आरोप, जांच की मांग तेज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र में बन रही एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना एक बार फिर विवादों में घिर गई है। महराजगंज से चिउरहा, रामपुर बुजुर्ग होते हुए बागापार तक निर्माणाधीन पक्की सड़क पर पुलिया निर्माण में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों ने जांच की मांग तेज कर दी है।

उमेश चंद मिश्र


ग्राम पंचायत बागापार निवासी उमेश चंद मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि पुलिया निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण कार्य जनहित याचिका के बाद स्वीकृत हुआ था, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की उम्मीद थी, लेकिन कार्य की गुणवत्ता संदेह के घेरे में है।


शिकायत के अनुसार, पुरानी पुलिया के दोनों ओर घटिया सामग्री का उपयोग कर नई पुलिया का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इससे निर्माण की मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस प्रकार का कार्य भविष्य में पुलिया के जल्दी जर्जर होने या ध्वस्त होने का कारण बन सकता है।


इस मुद्दे को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई, तो आने वाले समय में आवागमन बाधित होने के साथ ही सरकारी धन की भी क्षति होगी।


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर तकनीकी टीम भेजकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पुलिया निर्माण को मानकों के अनुरूप कराए जाने की भी मांग उठाई गई है, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और टिकाऊ सड़क सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *